दक्षिण कोरिया में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे छत्तीसगढ़ के दो विद्यार्थी, रोबोटिक्स प्रतियोगिता में दिखाएंगे हुनर

रायपुर के पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी शुभकामनाएं
राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हासिल किया था दूसरा स्थान, 28-29 नवंबर को रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल में लेंगे हिस्सा
रायपुर, 20 नवंबर। छत्तीसगढ़ के दो होनहार विद्यार्थी अब दक्षिण कोरिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय रोबोटिक्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। रायपुर के वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा सातवीं में पढ़ने वाले पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन 28 और 29 नवंबर को होने वाली रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से प्रदेश का गौरव बढ़ा है।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित दोनों विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए बधाई दी और दक्षिण कोरिया में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। कम उम्र में रोबोटिक्स जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करना दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
7 हजार विद्यार्थियों के बीच हासिल किया दूसरा स्थान
पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी ने नेशनल चैंपियनशिप-2026 की LEGO Line Follower श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। इसी प्रदर्शन के आधार पर दोनों का चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 16 से अधिक राज्यों के 7 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता की नौ श्रेणियों में 500 से अधिक रोबोट के जरिए विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी दक्षता और नवाचार का प्रदर्शन किया। इनमें से चयनित 36 विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।
लाइन पहचानकर रास्ता तय करता है रोबोट
LEGO Line Follower श्रेणी में विद्यार्थियों को ऐसा रोबोट तैयार करना होता है, जो निर्धारित ट्रैक पर बनी लाइन को पहचानकर उसी के अनुसार आगे बढ़ सके। इसके लिए प्रोग्रामिंग, तार्किक सोच, तकनीकी समझ और समस्या का समाधान करने की क्षमता जरूरी होती है।
मुख्यमंत्री बोले- प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज विज्ञान और तकनीक का दौर है। प्रदेश के विद्यार्थियों में नई तकनीक सीखने और नवाचार करने की रुचि बढ़ रही है। राज्य सरकार का प्रयास है कि बच्चों को आधुनिक शिक्षा और तकनीकी ज्ञान के साथ अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलें।
उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों विद्यार्थी दक्षिण कोरिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर वेदिक इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्य नीलम चौधरी, रोबोनाइट रोबोटिक्स के सीईओ एवं चीफ मेंटर रवि सिन्हा, मैनेजिंग डायरेक्टर रीना सिन्हा और टीम कोच शौर्य सिन्हा उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षकों और मार्गदर्शकों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

