G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAJashpurRaipurखास-खबर

नर्सिंग सेवा रोजगार नहीं, मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य : मुख्यमंत्री साय

जशपुर के आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ, 120 छात्राओं को मिलेगा एएनएम प्रशिक्षण

90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं पिछड़े वर्गों से, प्रशिक्षण के बाद प्रतिष्ठित अस्पतालों में रोजगार के अवसर

जशपुर। जनजातीय और वंचित वर्गों की बेटियों को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जशपुर जिले को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम पंचायत आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ किया। इस संस्थान में 120 छात्राओं को दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग प्रशिक्षण दिया जाएगा। खास बात यह है कि प्रवेश लेने वाली करीब 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नर्सिंग केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य है। मरीजों की देखभाल और जीवन की रक्षा में डॉक्टरों के साथ नर्सिंग कर्मियों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने छात्राओं से पूरी लगन, अनुशासन और सेवाभाव के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान किया।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा संस्थान

छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त उद्यम प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से इस संस्थान की स्थापना की गई है। यहां आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाओं के साथ छात्राओं को सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें प्रतिष्ठित अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने प्रथम बैच की सभी 120 छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान बेटियों के सपनों को साकार करने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम बनेगा।

स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में नर्सिंग कर्मियों की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और समृद्ध प्रदेश का आधार हैं। राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि अब इनकी संख्या 15 से अधिक हो गई है। इस वर्ष एक साथ पांच नए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किए जा रहे हैं।

उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे केवल तकनीकी दक्षता हासिल करने तक सीमित न रहें, बल्कि मरीजों के प्रति करुणा, सहानुभूति और संवेदनशीलता का भाव भी विकसित करें। यही गुण उन्हें एक सफल और आदर्श नर्सिंग कर्मी बनाएंगे।

2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, अधोसंरचना और रोजगार सहित सभी क्षेत्रों में मिशन मोड पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत होने से दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं।

मोदी की गारंटी के वादों को पूरा करने का प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मोदी की गारंटी के सभी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण किया जा रहा है। वहीं किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं। अब प्रदेश में लगभग 3100 केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की जा रही है।

कार्यक्रम को विधायक रायमुनी भगत ने भी संबोधित किया और नर्सिंग कौशल कॉलेज की शुरुआत को क्षेत्र की बेटियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।

वंचित वर्गों के कौशल विकास की पहल

उल्लेखनीय है कि प्रचेत फाउंडेशन का गठन छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के बीच गैर-लाभकारी संयुक्त उद्यम कंपनी के रूप में किया गया है। इसका उद्देश्य जनजातीय समुदायों सहित गरीब युवाओं, महिलाओं और तृतीय लिंग समुदाय के लोगों का कौशल विकास एवं संस्थागत सशक्तीकरण करना है।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, संस्था के पदाधिकारी, छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page