G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

जनजातीय गौरव दिवस को भव्य और ऐतिहासिक बनाने भाजपा ने तेज की तैयारी, जिला स्तरीय कार्यशाला में बनी रणनीति

भगवान बिरसा मुंडा की 191वीं जयंती पर जनजातीय समाज के गौरव, संस्कृति और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प, भाजपा पदाधिकारियों एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने लिया आयोजन को सफल बनाने का जिम्मा

कवर्धा । भगवान बिरसा मुंडा की 191वीं जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस के भव्य आयोजन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में अनुसूचित जनजाति मोर्चा की जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जनजातीय गौरव दिवस को व्यापक जनभागीदारी के साथ उत्साहपूर्वक मनाने और भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग, बलिदान एवं राष्ट्र के प्रति योगदान को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में जनजातीय गौरव दिवस के जिला प्रभारी पन्नालाल मंडावी उपस्थित रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद चंद्रवंशी के मार्गदर्शन तथा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष बिहारी राम धुर्वे की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में संगठनात्मक तैयारियों, कार्यक्रम की रूपरेखा और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य अतिथि पन्नालाल मंडावी ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष और उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के अतुलनीय योगदान, सांस्कृतिक विरासत और स्वाभिमान को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस गौरवशाली इतिहास को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाएं और आयोजन को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाएं।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद चंद्रवंशी ने कहा कि जनजातीय समाज की परंपराएं, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति समर्पण भारतीय विरासत की महत्वपूर्ण पहचान हैं। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की प्रेरणा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक एकजुटता के साथ आयोजन की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला भाजपा महामंत्री मुकेश सिंह ठाकुर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विदेशी राम धुर्वे, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हेमंत ठाकुर, जिला मंत्री अनीता धुर्वे, फगनू राम धुर्वे, जनजाति गौरव समाज के जिला अध्यक्ष रामजी मेरावी, रामकुमार मेरावी, बोड़ला मंडल अध्यक्ष मोहन धुर्वे, पूर्व मंडल अध्यक्ष मंगलू पोर्ते, जिला पंचायत सभापति बारे लाल धुर्वे, जिला पंचायत सदस्य दीपक पप्पू धुर्वे, अजजा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष रति राम भट्ट, जिला कोषाध्यक्ष रूप सिंह धुर्वे, जिला उपाध्यक्ष बिहारी बैगा सहित कन्हैया मेरावी, नंदराज उइके एवं जिला महामंत्री राजकुमार नेताम उपस्थित रहे।
इसके साथ ही मंडल अध्यक्ष गणपत सिंह करचाम, कमलेश धुर्वे, मोहित मरावी, केवल मरकाम, लाल धुर्वे, मनोहर धुर्वे, रामगोपाल नेताम, तुलसी धुर्वे, रज्जू धुर्वे, गोपाल धुर्वे सहित अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला एवं मंडल पदाधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यशाला के समापन पर अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से सभी अतिथियों, वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन को सफल बनाने के लिए सामूहिक संकल्प दोहराया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page