कबीरधाम के बच्चों ने जु-जित्सु चैंपियनशिप में लहराया परचम, एसपी जितेंद्र कुमार यादव ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

6वीं छत्तीसगढ़ स्टेट जु-जित्सु चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, विजेता खिलाड़ियों को दी बधाई एवं शुभकामनाएं

कवर्धा। कबीरधाम जिले के होनहार खिलाड़ियों ने खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। जु-जित्सु एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की जिला इकाई कबीरधाम के खिलाड़ियों ने 25 अक्टूबर को राजनांदगांव में आयोजित 6वीं छत्तीसगढ़ स्टेट जु-जित्सु चैंपियनशिप 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक हासिल किए।
इन सभी खिलाड़ियों को जिले के अनुभवी कोच देव मोटघरे द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कोच के मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है कि बच्चों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और कबीरधाम जिले को गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में सफलता हासिल करने के बाद विजेता खिलाड़ियों के दल ने कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसपी जितेंद्र कुमार यादव ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और लगन से जिले का गौरव बढ़ाया है। वे इसी तरह निरंतर मेहनत करते रहें और भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कबीरधाम का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग हमेशा प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए उनके साथ खड़ा है।
इस अवसर पर कोच देव मोटघरे सहित जु-जित्सु प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त करने वाले खिलाड़ी उपस्थित रहे।


