बारिश के बीच बैलाडिला बुल्स की पहली जीत, सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार

राजधानी रॉयल्स को 1-0 से हराया; न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स का मुकाबला 1-1 से ड्रॉ

रायपुर ।छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में बुधवार को बारिश से प्रभावित मुकाबले में बैलाडिला बुल्स ने राजधानी रॉयल्स को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। इस जीत के साथ बुल्स ने सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें कायम रखीं, जबकि लगातार निराशाजनक प्रदर्शन के बाद राजधानी रॉयल्स का सफर समाप्त हो गया। दूसरे मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों का मैच 1-1 से ड्रॉ रहा।

राहुल यादव के गोल से बैलाडिला बुल्स को मिली जीत
बारिश के कारण करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुए मुकाबले में बैलाडिला बुल्स ने शुरुआत से ही गोल करने के प्रयास तेज रखे। टीम को जल्द ही सफलता भी मिल गई। सर्कल में मिले मौके पर राहुल यादव ने जोरदार शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया और बुल्स को 1-0 की बढ़त दिला दी।

गीले मैदान और पानी से भरे सर्कल के कारण दोनों टीमों के खिलाड़ियों को काफी परेशानी हुई। गेंद पर नियंत्रण, सटीक पास और तेज शॉट लगाने में दिक्कतें आईं। इसके बावजूद खिलाड़ियों ने लगातार गोल करने के प्रयास किए, लेकिन पूरे 60 मिनट के खेल में राहुल यादव का गोल ही निर्णायक साबित हुआ।
बैलाडिला बुल्स के गोपाल पैकरा ने एक और गोल करने का प्रयास किया, लेकिन अंपायर ने उसे अमान्य करार दिया। वहीं, जसकरण को मिले पेनल्टी कॉर्नर के मौकों पर भी बुल्स गोल नहीं कर सकी। पहले हाफ के अंत तक टीम 1-0 से आगे रही।
तीसरे और चौथे क्वार्टर में भी बारिश का असर खेल पर बना रहा। राजधानी रॉयल्स की टीम गोल करने में नाकाम रही और पेनल्टी कॉर्नर पर भी उसे सफलता नहीं मिली। मुकाबले में हिमांशु को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और राहुल यादव को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ चुना गया।

न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच बराबरी
दिन के एक अन्य मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स ने 1-1 से ड्रॉ खेला। मैच के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने हमले किए, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे क्वार्टर के अंतिम हिस्से में न्यायधानी नाइट्स के केतन ने रिबाउंड पर गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। यह टूर्नामेंट में उनका छठा गोल रहा।
तीसरे क्वार्टर में न्यायधानी नाइट्स के डिफेंस ने मैनपाट टाइटन्स के हमलों को नाकाम किया। लंबे समय तक स्कोर 1-0 बना रहा। हालांकि, चौथे क्वार्टर में मैनपाट टाइटन्स ने आक्रामक रणनीति अपनाई और मोहित नायक ने गोल कर टीम को बराबरी पर ला दिया।
मुकाबले में केतन को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और मोहित नायक को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। सेमीफाइनल में पहले ही जगह बना चुकी न्यायधानी नाइट्स के खिलाफ ड्रॉ के बाद मैनपाट टाइटन्स को अंतिम चार में पहुंचने के लिए अब अगले मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। टीम के पास 29 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के खिलाफ जीत हासिल कर सेमीफाइनल में जगह पक्की करने का अवसर रहेगा।


