हाईस्कूल से चोरी सबमर्सिबल पंप बेचने ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी, पुलिस ने दबोचा

राम्हेपुर कला में स्कूल परिसर से मोटर पंप चोरी का मामला; दो आरोपी गिरफ्तार, मोटर पंप और आरी ब्लेड बरामद
बोड़ला/कवर्धा। राम्हेपुर कला हाईस्कूल परिसर से चोरी हुए सबमर्सिबल मोटर पंप के मामले में पोड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सबमर्सिबल मोटर पंप और वारदात में इस्तेमाल आरी ब्लेड बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, राम्हेपुर कला हाईस्कूल परिसर में लगे सबमर्सिबल मोटर पंप की चोरी की शिकायत मिलने पर चौकी पोड़ी में अपराध क्रमांक 106/2026, धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
ग्राहक की तलाश में थे आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चोरी किए गए मोटर पंप को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही चौकी पोड़ी पुलिस टीम ने घेराबंदी कर लक्ष्मीनारायण उर्फ दौवा (22) पिता सुशील सोनवानी और हिमांशु कोसले (19) पिता रामझुल कोसले, दोनों निवासी राम्हेपुर कला, थाना कवर्धा, को पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों ने हाईस्कूल परिसर से सबमर्सिबल पंप चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का मोटर पंप और घटना में प्रयुक्त आरी ब्लेड बरामद कर जब्त किया गया।
न्यायालय में पेश, आगे की जांच जारी
दोनों आरोपियों को 1 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में चौकी पोड़ी प्रभारी निरीक्षक राकेश पटेल और पुलिस टीम ने की।


