G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKorbaखास-खबर

कटघोरा में आज से युवाओं को मिलेगा नशामुक्ति का संदेश

कटघोरा/कोरबा, 19 अगस्त। ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ के तहत शासकीय मुकुटधर पाण्डेय महाविद्यालय, कटघोरा में आज से दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम शुरू होगा। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल होंगे। नगर पालिका परिषद कटघोरा के अध्यक्ष राज जायसवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। जनपद पंचायत कटघोरा की अध्यक्ष झूलबाई कंवर अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। उद्घाटन अवसर पर अतिथियों द्वारा चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया जाएगा।

प्रदर्शनी में नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्परिणामों को चित्रों के माध्यम से सरल तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा। युवाओं को शिक्षा, खेल, कला, नवाचार और सामाजिक गतिविधियों से जुड़कर सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रम में चित्रकला, रंगोली, भाषण, निबंध और प्रश्नमंच प्रतियोगिताएं भी होंगी। गीत एवं नाटक दल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे से होने वाले नुकसान और इससे बचाव का संदेश दिया जाएगा।

केंद्रीय संचार ब्यूरो ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और आम नागरिकों से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। अभियान का संदेश है कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ परिवार, सशक्त समाज और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page