घुड़सवारों का रोमांच, महिला बैंड की धुन और श्वान दल की दक्षता ने मोहा मन

स्वतंत्रता दिवस समारोह में हॉर्स शो से लेकर डॉग स्क्वॉड के प्रदर्शन तक दिखा साहस, अनुशासन और हुनर

रायपुर, 15 अगस्त। राजधानी के पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान घुड़सवार दल, प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड और छत्तीसगढ़ पुलिस के श्वान दल ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। हॉर्स शो में घोड़ों के करतब, महिला बैंड की लयबद्ध धुन और प्रशिक्षित श्वानों की दक्षता समारोह के प्रमुख आकर्षण रहे।

घोड़ों ने दिखाया साहस
तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के घुड़सवार दल ने फ्लैग मार्च, टेंट पैगिंग, नेजाबंदी, शो जंपिंग और गैलप राउंड का प्रदर्शन किया। आरक्षक धनेश्वर कंवर ने अश्व आदित्री पर फ्लैग मार्च किया, जबकि अजय कुमार यादव ने अश्व आभा पर स्टैंडिंग सैल्यूट प्रस्तुत किया।

टेंट पैगिंग में रूद्र, अश्वस्थामा, प्रिंसेस सारा और शक्ति ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं युवराज, अवनि, कावेरी, जूही और ओजस ने शो जंपिंग में अपनी दक्षता दिखाई। प्रदर्शन के दौरान दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से घुड़सवार दल का उत्साह बढ़ाया।
35 महिला सदस्यों के बैंड ने बांधा समां
आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड ने आकर्षक प्रस्तुति दी। 20वीं भारत रक्षित वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 35 सदस्यीय बैंड ने क्विक मार्च में इंडिया गेट, केसरिया बाना, हर्ष मेन, शांति सेना और पुलकित हिमालय जैसी धुनें बजाईं। स्लो मार्च में नवरंगी और तर्शपे रील के साथ ड्रम कॉल की प्रस्तुति दी।
बैंड के सदस्यों ने सेरेमोनियल मेस बैंड, बेस, टेनर, साइड ड्रम और बैगपाइपर जैसे वाद्ययंत्रों पर शानदार धुनें बजाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिताओं में भी दिखाया दम
महिला बैगपाइपर बैंड ने 2022 में हरियाणा के पंचकुला स्थित ITBP बीटीसी मानु में छह महीने का प्रशिक्षण लिया था। 2024 में दीमापुर में आयोजित 25वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में दल ने तीसरा स्थान हासिल किया। हैदराबाद में आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस पाइप बैंड प्रतियोगिता में भी दल को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल मिला। सोनबती ठाकुर ने बेस्ट कंडक्टर और ऑल राउंडर द बेस्ट का खिताब हासिल किया।
श्वान दल ने दिखाया विस्फोटक और नशे की सामग्री खोजने का हुनर
छत्तीसगढ़ पुलिस के डॉग स्क्वॉड ने प्रभारी राज कपूर के नेतृत्व में सात विधाओं में प्रदर्शन किया। पुलिस डॉग मैक्स ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्रशिक्षित श्वानों ने कमल की आकृति में व्यवस्थित होकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
श्वानों ने सिट, डाउन, रेस्ट, स्लीप और रोल जैसे निर्देशों का प्रदर्शन किया। दुलार, मेरी और शिवा ने जलती आग के बीच गोल रिंग से छलांग लगाकर रोमांच पैदा किया। इसके अलावा प्रशिक्षित श्वानों ने जमीन में दबे विस्फोटक और नारकोटिक सामग्री की पहचान कर अपनी दक्षता दिखाई। अलग-अलग गंधों के बीच निर्धारित गंध पहचानकर संबंधित व्यक्ति को तलाशने का प्रदर्शन भी किया गया।



