साइबर अपराध के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस का ‘साइबर जागृति अभियान’ शुरू

15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा 7 सप्ताह का प्रदेशव्यापी अभियान, सेल्फी के जरिए साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने की पहल
https://youtube.com/shorts/TJ07l6_-qxo?si=xAA9e-Pp3rcD_XEo
कबीरधाम। साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक और सुरक्षित करने के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस ने ‘साइबर जागृति अभियान’ शुरू किया है। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस सात सप्ताह के अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का संदेश प्रदेश के हर व्यक्ति तक पहुंचाना है।
https://youtube.com/shorts/ZGSCJXNkVDM?si=pqo9K_lyT1A6lP4b
अभियान की मुख्य थीम ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ रखी गई है। पुलिस द्वारा जारी लिंक या क्यूआर कोड स्कैन कर लोग जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी फोटो ले सकेंगे और उसे सोशल मीडिया पर शेयर करेंगे। इससे साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा।

एसपी ने सेल्फी लेकर किया अभियान का शुभारंभ
कबीरधाम में पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने प्रेस वार्ता के दौरान अभियान की लिंक और क्यूआर कोड जारी कर इसकी शुरुआत की। एसपी ने स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर शेयर किया।
उन्होंने सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, संस्थानों, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स, कलाकारों और आम नागरिकों से अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी करने की अपील की।

सात सप्ताह में अलग-अलग विषयों पर जागरूकता
अभियान के तहत प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग वर्गों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए जाएंगे।
- पहला सप्ताह: स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता और बुनियादी सुरक्षा।
- दूसरा सप्ताह: बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों में वित्तीय धोखाधड़ी और यूपीआई सुरक्षा।
- तीसरा सप्ताह: वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल को लेकर टाउन हॉल।
- चौथा सप्ताह: महिला कॉलेजों और सामुदायिक समूहों में स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सुरक्षित ब्राउजिंग।
- पांचवां सप्ताह: युवाओं के लिए जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचाव संबंधी कार्यक्रम।
- छठा सप्ताह: डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया की सीमाओं पर जागरूकता।
- सातवां सप्ताह: ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प।
चौक-चौराहों और बाजारों में भी होगा प्रचार
जिला पुलिस टीम और स्थानीय थानों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, पार्क और बाजारों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से क्यूआर कोड का प्रचार किया जाएगा। सोशल मीडिया हैंडल्स और व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए भी लोगों को सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर शेयर करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
2 अक्टूबर को होगा समापन
‘साइबर जागृति अभियान’ का समापन 2 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के दिन किया जाएगा। पुलिस का संदेश है कि जिस तरह देश की आजादी के लिए करोड़ों लोगों ने एकजुट होकर संघर्ष किया था, उसी तरह साइबर अपराध के खिलाफ भी समाज को एकजुट होकर जागरूकता की मुहिम चलानी होगी।

