अमलीमालगी-दामापुर-कवर्धा मार्ग बदहाल, गड्ढों में भरे पानी में ग्रामीणों ने लगाए कनेर के फूल

सड़क की दुर्दशा पर अनोखा विरोध, जिम्मेदार विभाग का ध्यान आकर्षित करने ग्रामीणों ने अपनाया अनूठा तरीका
कवर्धा। अमलीमालगी-दामापुर से कवर्धा को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश का पानी इन गड्ढों में भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क की दुर्दशा के विरोध में ग्रामीणों ने अनोखा तरीका अपनाया। गड्ढों में भरे बारिश के पानी के बीच कनेर के फूल लगाकर ग्रामीणों ने जिम्मेदार विभाग और प्रशासन का ध्यान सड़क की स्थिति की ओर आकर्षित किया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि बारिश के दौरान पानी से भरे गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है। सड़क खराब होने के कारण रोजाना आने-जाने वाले लोगों, विद्यार्थियों, किसानों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
इस दौरान प्रशांत खांडे, इंद्रजीत चतुर्वेदी, लखन सिगरौल, शुभम, दुरबीन, अंशू, ओमकार, रोहित, टेकराम, पंचू, राजेश, महेंद्र, भोली, पुसईया, सतरूपा, मेघऊ, फुलवारी, निर्मल, नागेश्वर और अरुण सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मार्ग का तत्काल निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत और सड़क का आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग की है, ताकि बारिश के मौसम में आवागमन की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।


