G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

कोठार से पैरा निकालते समय जहरीले सांप ने डसा, इलाज के दौरान 64 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

कबीरधाम पुलिस की अपील- बरसात में कोठार, पैरा और लकड़ी के ढेर में काम करते समय बरतें विशेष सावधानी

सहसपुर लोहारा/ कबीरधाम । कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के रणवीरपुर चौकी अंतर्गत ग्राम पटपर में जहरीले सांप के काटने से एक 64 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पटपर निवासी शिव कुमार मरकाम (64) मंगलवार सुबह करीब 7 बजे अपने घर के कोठार में पैरा निकाल रहे थे। इसी दौरान वहां छिपे जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहारा लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर साहसपुर लोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग क्रमांक 33/26 कायम कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एसपी ने जताया शोक, लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (आईपीएस) ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

एसपी ने बरसात के मौसम में आमजन से विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि खेत, खलिहान, कोठार, पैरा और लकड़ी के ढेर में जहरीले सांप छिपे होने की आशंका अधिक रहती है। ऐसे स्थानों पर काम करने से पहले पूरी सावधानी बरतें, अंधेरे में टॉर्च का उपयोग करें तथा घर और आसपास की नियमित साफ-सफाई रखें।

उन्होंने कहा कि सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय न गंवाएं। पीड़ित को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर चिकित्सकीय उपचार दिलाना ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है। कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से बरसात के मौसम में जागरूक और सतर्क रहने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page