रायपुर रेल मंडल के 17 रेलकर्मी सेवानिवृत्त, 7.46 करोड़ से अधिक के सेवानिवृत्ति लाभ का भुगतान

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में जुलाई 2026 के दौरान विभिन्न विभागों में कार्यरत 17 रेलकर्मियों को उनकी गौरवशाली सेवाओं के उपरांत सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त किया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित विदाई समारोह में सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद, सहायक कार्मिक अधिकारी श्री इन्द्रजीत कुमार सिन्हा, सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं उनके परिजन, कल्याण निरीक्षक, बंदोबस्त अनुभाग के कर्मचारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सेवानिवृत्त होने वाले 17 रेलकर्मियों में दो राजपत्रित अधिकारी शामिल हैं, जिनमें एक विद्युत विभाग और एक इंजीनियरिंग विभाग से हैं। इसके अलावा यांत्रिकी विभाग से तीन, इंजीनियरिंग विभाग से तीन, परिचालन विभाग से दो, विद्युत विभाग से चार, वाणिज्य विभाग से दो तथा सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग से एक कर्मचारी सेवानिवृत्त हुआ।
समारोह के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने सभी कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति संबंधी भुगतान प्रमाण-पत्र प्रदान किए। ई-पेमेंट के माध्यम से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कुल 7 करोड़ 46 लाख 87 हजार 327 रुपये (₹7,46,87,327) का भुगतान किया गया। साथ ही पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ), सेवानिवृत्त कर्मचारी पहचान-पत्र तथा कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के लिए पास कार्ड भी 31 जुलाई 2026 को उपलब्ध कराए गए।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सफल सेवाकाल के लिए बधाई देते हुए कहा कि वे अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें और परिवार के साथ सेवानिवृत्त जीवन का आनंद लें। उन्होंने कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति पर प्राप्त राशि का सोच-समझकर सुरक्षित निवेश करने की सलाह भी दी तथा उनके सुखद, स्वस्थ और समृद्ध भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


