G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhDhamtariINDIAखास-खबर

वैज्ञानिक प्रसंस्करण से समृद्ध होंगे किसान, धमतरी में माइक्रो फूड प्रोसेसिंग इन्क्यूबेशन सेंटर का लोकार्पण

रायपुर/धमतरी, 30 जुलाई 2026। धमतरी जिले के कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) में स्थापित माइक्रो फूड प्रोसेसिंग इन्क्यूबेशन सेंटर का लोकार्पण राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने किया। इस अवसर पर खाद्य प्रसंस्करण विषय पर आयोजित तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी समापन हुआ।

मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि कृषि एवं उद्यानिकी उत्पादों का वैज्ञानिक प्रसंस्करण किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र अब केवल तकनीकी जानकारी देने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने वाले केंद्र के रूप में विकसित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।

उन्होंने इन्क्यूबेशन सेंटर में स्थापित आधुनिक मशीनों का निरीक्षण किया और प्रशिक्षणार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि यह केंद्र स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और आधुनिक प्रसंस्करण तकनीकों का प्रशिक्षण देकर ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि यह केंद्र जिले के कृषि एवं उद्यानिकी उत्पादों के मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देगा। इससे स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों और युवाओं को खाद्य प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण, स्वच्छता, आधुनिक पैकेजिंग एवं लेबलिंग, एफएसएसएआई के मानकों तथा विपणन और ब्रांडिंग की व्यावहारिक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक रंजना दीपेंद्र साहू, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के निदेशक विस्तार सेवाएं, कृषि महाविद्यालय की अधिष्ठाता, खाद्य प्रसंस्करण विभागाध्यक्ष, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सहित बड़ी संख्या में कृषि वैज्ञानिक, अधिकारी, किसान और महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page