समर्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के लिए खेल होंगे मजबूत आधार : अरुण साव

समर्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के लिए खेल होंगे मजबूत आधार : अरुण साव
पहली बार आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में खेल नीति, अधोसंरचना और प्रतिभा संवर्धन पर हुआ मंथन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का शुभारंभ मंगलवार को उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने किया। राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित इस कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासक, विशेषज्ञ, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, नामचीन खिलाड़ी और खेल संघों के पदाधिकारी शामिल हुए। कॉन्क्लेव में राज्य में खेलों के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने के रोडमैप पर व्यापक चर्चा हुई।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि समर्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि खेलों के विकास से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिलेंगे और उनका सर्वांगीण विकास होगा, जिससे राज्य को एक मजबूत मानव संसाधन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की तरक्की के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही राज्य में उपलब्ध खेल अधोसंरचनाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने तथा खिलाड़ियों के लिए उनकी सुगम उपलब्धता पर विशेष जोर दिया।
नई खेल नीति में शामिल होंगे सुझाव
‘विजन टू विक्ट्री‘ थीम पर आयोजित कॉन्क्लेव के दौरान नेतृत्व, खेल प्रोत्साहन और प्रतिभा खोज विषय पर चर्चा करते हुए अरुण साव ने कहा कि विभिन्न सत्रों में विशेषज्ञों द्वारा दिए गए सुझावों को राज्य में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों के विकास के लिए लागू किया जाएगा। उन्होंने सभी जिलों में खेल संघों के गठन, उनकी नियमित गतिविधियों और पारदर्शी कार्यप्रणाली पर भी बल दिया।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने स्वागत भाषण में कहा कि कॉन्क्लेव से प्राप्त सुझावों को छत्तीसगढ़ की नई खेल नीति में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य में वर्तमान में 150 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से खेल अधोसंरचना निर्माण के कार्य प्रगति पर हैं।
खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच दिया है। उन्होंने कहा कि पहली बार आयोजित यह स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कॉन्क्लेव में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान, ओलंपियन जिन्शन जॉनसन, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, सभी जिलों के खेल अधिकारी, प्रशिक्षक, पदक विजेता खिलाड़ी तथा खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

