G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

कबीरधाम पुलिस को मिला नया नेतृत्व: IPS जितेंद्र कुमार यादव ने संभाला SP का पदभार

कबीरधाम पुलिस को मिला नया नेतृत्व: IPS जितेंद्र कुमार यादव ने संभाला SP का पदभार

पदभार ग्रहण करते ही एक्शन मोड में आए नए एसपी, पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण

कवर्धा। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के परिपालन में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी जितेंद्र कुमार यादव ने मंगलवार को कबीरधाम जिले के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पूर्व वे बीजापुर जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।

एसपी कार्यालय पहुंचने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल, उप पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) आशीष शुक्ला, एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह, एसडीओपी बोडला अखिलेश कौशिक सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवागत पुलिस अधीक्षक का आत्मीय स्वागत किया।

कार्यभार संभालते ही किया औचक निरीक्षण

पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद एसपी जितेंद्र कुमार यादव एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, थाना सिटी कोतवाली, नक्सल सेल, साइबर सेल एवं पुलिस कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जनता को मिलेगी त्वरित और संवेदनशील पुलिसिंग

पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों एवं अधिकारियों से चर्चा करते हुए एसपी जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि आमजन को त्वरित, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, महिला एवं बाल सुरक्षा सुनिश्चित करने, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देकर पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत किया जाएगा, ताकि आम नागरिक बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं पुलिस तक पहुंचा सकें।

टीम भावना और जनविश्वास पर रहेगा विशेष जोर

नवागत एसपी ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी ईमानदारी, अनुशासन, पारदर्शिता और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून लागू करना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतना भी है। इसी भावना के साथ कबीरधाम पुलिस आमजन की सुरक्षा और सेवा के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page