प्रदेशभर में सुनी गई ‘मन की बात’ की 136वीं कड़ी, भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साह से लिया हिस्सा
प्रदेशभर में सुनी गई ‘मन की बात’ की 136वीं कड़ी, भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साह से लिया हिस्सा
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 136वीं कड़ी रविवार को छत्तीसगढ़ के सभी जिलों, मंडलों, शक्ति केंद्रों और बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सुनी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने सांसद महेश कश्यप के साथ बस्तर जिले के जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कलचा पंचायत भवन में कार्यक्रम का श्रवण किया। इस दौरान वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश के उन गुमनाम नायकों, नवाचारों और सामाजिक बदलाव के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बन चुका है, जो बिना किसी प्रचार-प्रसार के समाजहित में कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक संवाद से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सकारात्मक ऊर्जा पहुंचती है। जल संरक्षण, पारंपरिक कलाओं के संरक्षण, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा और स्टार्टअप के माध्यम से युवाओं के सशक्तिकरण जैसे विषयों पर प्रधानमंत्री के विचार समाज को नई दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ से मिली प्रेरणा के आधार पर भाजपा कार्यकर्ता सामाजिक सरोकारों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के ग्राम जैगुर-दरबा में, अखिलेश सोनी ने अंबिकापुर में तथा डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने रायपुर ग्रामीण विधानसभा के बूथ क्रमांक 275 में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों का श्रवण किया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।

