सिलाई प्रशिक्षण से नीलिमा बनीं आत्मनिर्भर, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना ने बदली जिंदगी

सिलाई प्रशिक्षण से नीलिमा बनीं आत्मनिर्भर, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना ने बदली जिंदगी
रायपुर, 25 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना प्रदेश के युवाओं को हुनर, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रही है। योजना के तहत निःशुल्क रोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त कर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम मोहला निवासी नीलिमा देवांगन ने अपने जीवन को नई दिशा दी है। आज वे घर से सिलाई का सफल स्वरोजगार संचालित कर परिवार की आय में योगदान दे रही हैं।
प्रशिक्षण ने बढ़ाया आत्मविश्वास
नीलिमा देवांगन ने जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज, मोहला में मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत सिलाई (टेलरिंग) ट्रेड का प्रशिक्षण प्राप्त किया। सहेलियों के माध्यम से उन्हें योजना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर प्रशिक्षण में प्रवेश लिया।
प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सिलाई-कढ़ाई की आधुनिक तकनीक, मशीन संचालन, कपड़ों की कटिंग, डिजाइनिंग और व्यवसाय संचालन से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से उनके कौशल में निखार आया और आत्मविश्वास भी बढ़ा।
हुनर बना आजीविका का आधार
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद नीलिमा ने नौकरी की प्रतीक्षा करने के बजाय स्वयं का स्वरोजगार शुरू करने का निर्णय लिया। उन्होंने अपने घर से सिलाई का कार्य प्रारंभ किया। वर्तमान में वे महिलाओं और बच्चों के विभिन्न प्रकार के कपड़े तैयार कर रही हैं।
स्वरोजगार शुरू करने के पहले ही महीने से उन्हें लगभग 5 से 6 हजार रुपये प्रतिमाह की आय प्राप्त होने लगी। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया।
आत्मनिर्भरता के साथ बढ़ा सम्मान
नीलिमा देवांगन का कहना है कि मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना ने उन्हें केवल सिलाई का हुनर ही नहीं दिया, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होने का आत्मविश्वास भी प्रदान किया। अब वे सम्मानपूर्वक अपने परिवार का सहयोग कर रही हैं और भविष्य में अपने व्यवसाय का विस्तार कर अन्य महिलाओं को भी रोजगार से जोड़ने की इच्छा रखती हैं।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय कौशल विकास विभाग, जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज मोहला और जिला प्रशासन को देते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन का मजबूत आधार बन रही है।

