सेवा सेतु केंद्र बना उर्मिला के सपनों का सहारा, समय पर मिला जाति प्रमाण पत्र

जावंगा कन्या शिक्षा परिसर में प्रवेश का सपना हुआ साकार
रायपुर, 25 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सेवा सेतु केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। दंतेवाड़ा जिले के ग्राम धुरली की छात्रा उर्मिला इसकी प्रेरक मिसाल हैं। सेवा सेतु केंद्र की मदद से उन्हें समय पर स्थायी जाति प्रमाण पत्र मिला, जिससे जावंगा स्थित कन्या शिक्षा परिसर में प्रवेश का उनका सपना पूरा हो गया।
उर्मिला ने आगे की पढ़ाई के लिए कन्या शिक्षा परिसर, जावंगा में प्रवेश हेतु आवेदन किया था। प्रवेश प्रक्रिया में स्थायी जाति प्रमाण पत्र अनिवार्य था। इसके लिए उन्होंने सेवा सेतु केंद्र में आवेदन किया। केंद्र के कर्मचारियों ने सभी आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण कर नियमानुसार प्रक्रिया पूरी की और उन्हें शीघ्र ही स्थायी जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया।
समय पर प्रमाण पत्र मिलने से उर्मिला का प्रवेश बिना किसी परेशानी के हो गया। उन्होंने बताया कि पहले ऐसे दस्तावेज बनवाने में काफी समय और कठिनाई होती थी, लेकिन अब सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से पूरी प्रक्रिया आसान और तेज हो गई है।
उर्मिला ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की जनहितकारी पहल के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी समय पर शासकीय सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने सेवा सेतु केंद्र के अधिकारियों और कर्मचारियों का भी धन्यवाद दिया, जिनके सहयोग से उनका शिक्षा का सपना साकार हो सका।
राज्य शासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को जाति, आय, निवास सहित अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र और विभिन्न शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर सहज रूप से उपलब्ध कराना है। सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों को समय पर दस्तावेज और योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे सुशासन और जनसेवा की व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन रही है।

