प्रदेश साहू संघ किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश संयुक्त सचिव बने दुर्गेश साहू

संगठन ने समाज सेवा और किसान हित में सक्रिय भूमिका को देखते हुए सौंपी जिम्मेदारी, पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
कवर्धा। छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ किसान प्रकोष्ठ में कबीरधाम जिले के युवा समाजसेवी एवं सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता दुर्गेश साहू को प्रदेश संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति प्रदेश साहू संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू के मार्गदर्शन तथा किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चोवाराम साहू की अनुशंसा पर की गई।
संगठन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, दुर्गेश साहू लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों एवं किसान हित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, संगठन के प्रति समर्पण तथा जनहित के कार्यों को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
नियुक्ति की घोषणा के बाद समाज एवं किसान हित में कार्य करने वाले लोगों में खुशी का माहौल है। समाज के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने दुर्गेश साहू को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। सभी ने विश्वास जताया कि वे अपने नए दायित्व का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए किसानों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से प्रभावी ढंग से उठाएंगे और प्रदेश साहू संघ किसान प्रकोष्ठ को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
नियुक्ति पर दुर्गेश साहू ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चोवाराम साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश साहू, प्रदेश संयुक्त सचिव प्रदीप साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष साधना साहू तथा प्रदेश महामंत्री चित्रलेखा साहू सहित संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो विश्वास उन पर व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और समाज व किसानों के हित में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

