G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

श्रावण महोत्सव: कलेक्टर ने भोरमदेव मंदिर परिसर में तैयारियों को लेकर की बैठक

3 अगस्त को बूढ़ा महादेव से भोरमदेव तक निकलेगी भव्य पदयात्रा, कलेक्टर ने मार्ग से लेकर मंदिर व्यवस्थाएं पूरी करने दिए निर्देश

कांवड़ियों की सुविधा के लिए आवश्यक तैयारियों पर दिये विस्तृत दिशा निर्देश

कवर्धा, 20 जुलाई 2026। ऐतिहासिक एवं धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र बाबा भोरमदेव मंदिर में आयोजित होने वाले श्रावण महोत्सव और मेले की तैयारियां अब मैदानी स्तर पर तेज हो गई हैं। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पूरे श्रावण माह को भव्य, सुव्यवस्थित एवं जनसहभागिता आधारित स्वरूप देने के लिए निर्देशित किया है। इसी क्रम में कलेक्टर गोपाल वर्मा ने भोरमदेव मंदिर परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने विशेष रूप से 03 अगस्त को श्रावण मास के प्रथम सोमवार को बूढ़ा महादेव मंदिर से बाबा भोरमदेव मंदिर तक प्रस्तावित भव्य पदयात्रा को लेकर मार्ग में सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं नगरीय निकाय के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पदयात्रा मार्ग से जुड़े सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं सचिवों की बैठक लेकर उन्हें आवश्यक सहयोग के लिए दिशा निर्देश देने के लिए कहा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कलेक्टर ने पदयात्रा मार्ग का व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़कों के किनारे शोल्डर पर जलभराव रोकने के लिए आवश्यक कार्य तत्काल किए जाएं। मार्ग के किनारे रखी भवन निर्माण सामग्री को हटाकर आवागमन सुगम बनाया जाए तथा पूरे मार्ग में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे रात्रिकालीन आवागमन भी सुरक्षित रहे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से पुलिस और आबकारी टीम को लगातार गश्त और मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

बैठक में मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर वर्मा ने मंदिर परिसर में स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, शौचालयों की नियमित साफ-सफाई, सीसीटीवी निगरानी तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में लोकचंद साहू, आदित्य श्रीवास्तव, एसडीएम सागर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी एफआर वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी आनंद तिवारी, तहसीलदार हुलेश्वर पटेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी उपस्थित थे।

कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के लिए हो सभी जरूरी सुविधाएं

कलेक्टर ने कहा कि 03 अगस्त की पदयात्रा केवल एक दिवसीय आयोजन नहीं, बल्कि पूरे श्रावण माह में बाबा भोरमदेव आने वाले हजारों श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित किया जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए समय पूर्व आवश्यक तैयारियां पूरी करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि श्रावण माह के दौरान किसी भी व्यवस्था में कमी न रहे और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण एवं सतत मॉनिटरिंग की जाए, जिससे भोरमदेव श्रावण महोत्सव का आयोजन श्रद्धालुओं के लिए सहज, सुरक्षित और यादगार बन सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page