कवर्धा में निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर संपन्न

33 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण, 7 संभावित मरीजों की हुई पहचान
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर प्रतिमाह आयोजित हो रहा कैंसर जांच शिविर, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी परामर्श सेवा
कवर्धा, 20 जुलाई 2026। जिला अस्पताल कवर्धा में रविवार को निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देशानुसार जिले में प्रतिमाह कैंसर जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों को समय पर जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों की परामर्श सुविधा उपलब्ध हो सके।
शिविर में नया रायपुर स्थित बालको मेडिकल सेंटर के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. मुरली मोहन पी.के. (ऑन्को सर्जन) एवं उनकी टीम ने अपनी सेवाएं दीं। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित इस शिविर में जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे 33 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
आधुनिक जांच सुविधाएं रहीं उपलब्ध
शिविर में कैंसर की प्रारंभिक पहचान के लिए कई आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। महिलाओं के लिए मेमोग्राफी के माध्यम से स्तन कैंसर जांच, पेप स्मीयर से सर्वाइकल कैंसर जांच तथा ब्रश साइटोलॉजी के माध्यम से मुख कैंसर जांच की गई।
जांच के दौरान 7 संभावित मरीजों की पहचान की गई, जिन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श देकर आगे की उपचार प्रक्रिया से जोड़ा गया। साथ ही नियमित फॉलोअप की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।
शिविर में 2 महिलाओं की मेमोग्राफी और 5 महिलाओं की पेप स्मीयर जांच की गई। विकासखंडवार लाभार्थियों में कवर्धा से 21, बोड़ला से 10, सहसपुर लोहारा से 1 और पंडरिया से 1 मरीज शामिल रहे।
समय पर जांच से कैंसर पर नियंत्रण संभव
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेंद्र तूरे के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंसर की शीघ्र पहचान और समय पर उपचार के महत्व की जानकारी दी।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि स्तन में गांठ, मुंह में लंबे समय तक रहने वाला घाव या अल्सर, लगातार खांसी, अत्यधिक थकान, बिना कारण वजन कम होना, खून की कमी, गले में गांठ, निगलने में परेशानी और असामान्य रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए। प्रारंभिक अवस्था में कैंसर की पहचान होने पर उपचार के बेहतर परिणाम मिल सकते हैं।
जिलेवासियों से जांच शिविर का लाभ लेने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि कैंसर के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करें और प्रतिमाह आयोजित होने वाले निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
इन शिविरों का उद्देश्य आमजन में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच को प्रोत्साहित करना और बीमारी की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर प्रभावी उपचार उपलब्ध कराना है।


