72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में ‘राम-नामी’ को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का सम्मान, छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को मिला राष्ट्रीय गौरव : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
रायपुर, 19 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में छत्तीसगढ़ के अद्वितीय रामनामी समुदाय की समृद्ध विरासत पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘राम-नामी’ को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री फिल्म का राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया है।
मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्देशक श्री भरतबाला गणपति एवं पूरी निर्माण टीम को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक फिल्म की सफलता नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान है।
श्री साय ने कहा कि रामनामी समाज की अनूठी परंपरा श्रद्धा, समर्पण और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का जीवंत प्रतीक है। शरीर पर ‘राम’ नाम अंकित कराने की विशिष्ट परंपरा और भगवान श्रीराम के प्रति अटूट आस्था इस समाज की विशेष पहचान है। इस सांस्कृतिक विरासत को प्रभावी और संवेदनशील ढंग से देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का कार्य डॉक्यूमेंट्री ‘राम-नामी’ ने किया है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह राष्ट्रीय सम्मान छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, जनजातीय एवं लोक समुदायों की सांस्कृतिक विरासत तथा प्रदेश की विविध सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई प्रतिष्ठा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि इससे राज्य की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार को भी नई गति मिलेगी।


