दिवंगत आरक्षक के परिवार से 19 लाख की कथित अवैध वसूली, तत्कालीन थाना प्रभारी गिरफ्तार
एक करोड़ के बीमा दावे में हेराफेरी का आरोप, अधिवक्ता फरार; जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई
रायपुर, 19 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के खिलाफ राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नारायणपुर में एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्कालीन थाना प्रभारी सुरेश चंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला सड़क दुर्घटना में दिवंगत डीएसएफ आरक्षक स्व. धनेश्वर नुरेटी की पत्नी को मिले एक करोड़ रुपये के दुर्घटना बीमा दावे में कथित अनियमितता और अवैध वसूली से जुड़ा है। मामले में अधिवक्ता कृष्ण कुमार वर्मा भी आरोपी हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटना में आरक्षक धनेश्वर नुरेटी की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी के बैंक खाते में भारतीय स्टेट बैंक के वेतन पैकेज के तहत एक करोड़ रुपये की दुर्घटना बीमा राशि जमा हुई थी। आरोप है कि तत्कालीन थाना प्रभारी और अधिवक्ता ने बीमा राशि दिलाने के नाम पर मृतक के परिजनों से 19 लाख रुपये वसूल लिए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने शेष बीमा राशि में भी 50 प्रतिशत हिस्सेदारी की मांग की। परिजनों द्वारा विरोध करने पर उन्हें न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराने, कानूनी कार्रवाई में फंसाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की धमकी दी गई। लगातार हो रही कथित वसूली की मांग से परेशान होकर परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नारायणपुर में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर थाना कोतवाली, नारायणपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318, 308 तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी सुरेश चंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं सह-आरोपी अधिवक्ता कृष्ण कुमार वर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अपने पद का दुरुपयोग कर भ्रष्टाचार, अवैध वसूली या किसी भी प्रकार की अनियमितता में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
