19 से 21 जुलाई तक बंद रहेंगी श्रम विभाग की ऑनलाइन सेवाएं, क्लाउड सर्वर पर होगा डेटा माइग्रेशन
कवर्धा। श्रम विभाग की ऑनलाइन सेवाएं 19 से 21 जुलाई 2026 तक अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। इस दौरान विभाग के डेटा को फिजिकल सर्वर से क्लाउड सर्वर पर माइग्रेट करने का कार्य किया जाएगा।
श्रम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार विभाग की डिजिटल सेवाओं को अधिक सुरक्षित, तेज और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से श्रमायुक्त संगठन, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं, ‘श्रमेव जयते’ एप तथा विभागीय डेटा का क्लाउड सर्वर पर माइग्रेशन किया जा रहा है।
विभाग ने बताया कि निर्धारित अवधि के दौरान श्रम विभाग की वेबसाइट एवं ‘श्रमेव जयते’ एप के माध्यम से उपलब्ध सभी ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। माइग्रेशन का कार्य पूरा होने के बाद सभी सेवाएं पुनः पूर्ववत शुरू कर दी जाएंगी।
श्रम विभाग ने हितग्राहियों, नियोक्ताओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सेवाओं से जुड़े आवश्यक कार्य निर्धारित अवधि से पहले या सेवाएं बहाल होने के बाद ही करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।


