G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सियासी नाव डूबने के कगार पर, नेताओं की साख दाँव पर : भाजपा

“बघेल आज अपनी ही पार्टी में हाशिए पर, ‘फरमाबरदार’ ही दिखा रहे हैं तेवर, युवा कांग्रेस चुनाव ने खोली आंतरिक गुटबाजी की पोल”

रायपुर भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता व सांसद संतोष पाण्डेय ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के लगातार घटते सियासी कद पर करारा तंज कसा है। श्री पाण्डेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सियासत में कांग्रेस आज उस बदहाली के दौर में पहुँच गई है, जहाँ कभी ‘सुपर सीएम’ कहलाने वाले भूपेश बघेल तक की सियासी हैसियत दाँव पर लगी है। जब खुद बघेल अपनी जमीन बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तो कांग्रेस के बाकी नेताओं की स्थिति का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है।

भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता व सांसद श्री पाण्डेय ने कहा कि सत्ता के अहंकार में चूर होकर कभी मुख्यमंत्री रहते हुए जिन भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘आईना’ भेजने की बचकानी हरकत की थी, आज कुदरत का न्याय देखिए कि कांग्रेस के अपने ही लोग बघेल को रोज आईना दिखा रहे हैं! युवा कांग्रेस के चुनाव ने इस सच को पूरी तरह जगजाहिर कर दिया है। श्री पाण्डेय ने कहा कि राजनीति में वफादारियाँ बदलते देर नहीं लगती, खासकर तब जब सत्ता हाथ से चली जाए। कभी भूपेश बघेल के सबसे खास और ‘फरमाबरदार’ रहे कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने युवक कांग्रेस के चुनाव में बघेल समर्थित प्रत्याशी के खिलाफ अपना उम्मीदवार मैदान में उतारकर यह साबित कर दिया है कि अब बघेल का खौफ और जादू दोनों ही खत्म हो चुका है। यह बगावत साफ दर्शाती है कि कांग्रेस के भीतर भूपेश बघेल के नेतृत्व को पूरी तरह से नकार दिया गया है।

भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता श्री पाण्डेय ने कटाक्ष करते हुए कहा कि पाँच साल तक छत्तीसगढ़ को लूटने और कांग्रेस का एटीएम बनाने वाले नेताओं को अब जनता के साथ-साथ अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं का आक्रोश झेलना पड़ रहा है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में आज अंतर्कलह, सिरफुटव्वल और गुटबाजी का यह आलम है कि हर कोई एक-दूसरे की सियासी जड़ें काटने में लगा है। छत्तीसगढ़ की जनता ने तो विधानसभा चुनाव में ही कांग्रेस को उसकी सही जगह दिखा दी थी, और अब रही-सही कसर कांग्रेस के अंदरूनी कलह ने पूरी कर दी है। भूपेश बघेल का कटता-छँँटता सियासी कद इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस अब छत्तीसगढ़ में पूरी तरह दिशाहीन और नेतृत्वविहीन हो चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page