छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सियासी नाव डूबने के कगार पर, नेताओं की साख दाँव पर : भाजपा

“बघेल आज अपनी ही पार्टी में हाशिए पर, ‘फरमाबरदार’ ही दिखा रहे हैं तेवर, युवा कांग्रेस चुनाव ने खोली आंतरिक गुटबाजी की पोल”
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता व सांसद संतोष पाण्डेय ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के लगातार घटते सियासी कद पर करारा तंज कसा है। श्री पाण्डेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सियासत में कांग्रेस आज उस बदहाली के दौर में पहुँच गई है, जहाँ कभी ‘सुपर सीएम’ कहलाने वाले भूपेश बघेल तक की सियासी हैसियत दाँव पर लगी है। जब खुद बघेल अपनी जमीन बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तो कांग्रेस के बाकी नेताओं की स्थिति का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है।
भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता व सांसद श्री पाण्डेय ने कहा कि सत्ता के अहंकार में चूर होकर कभी मुख्यमंत्री रहते हुए जिन भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘आईना’ भेजने की बचकानी हरकत की थी, आज कुदरत का न्याय देखिए कि कांग्रेस के अपने ही लोग बघेल को रोज आईना दिखा रहे हैं! युवा कांग्रेस के चुनाव ने इस सच को पूरी तरह जगजाहिर कर दिया है। श्री पाण्डेय ने कहा कि राजनीति में वफादारियाँ बदलते देर नहीं लगती, खासकर तब जब सत्ता हाथ से चली जाए। कभी भूपेश बघेल के सबसे खास और ‘फरमाबरदार’ रहे कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने युवक कांग्रेस के चुनाव में बघेल समर्थित प्रत्याशी के खिलाफ अपना उम्मीदवार मैदान में उतारकर यह साबित कर दिया है कि अब बघेल का खौफ और जादू दोनों ही खत्म हो चुका है। यह बगावत साफ दर्शाती है कि कांग्रेस के भीतर भूपेश बघेल के नेतृत्व को पूरी तरह से नकार दिया गया है।


