G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

पीएम जनमन सड़क धंसने पर बड़ी कार्रवाई, सहायक अभियंता और उप अभियंता निलंबित

बोड़ला के खारिया-अगरी मार्ग का राज्य स्तरीय निरीक्षण, सचिव भीम सिंह ने कराई कोर कटिंग जांच; ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश

रायपुर, 9 जुलाई। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड में दलदली मेन रोड से खारिया-अगरी तक प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्मित सड़क धंसने के मामले में राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और सड़क की गुणवत्ता जांचने के लिए कोर कटिंग कराई।

जांच में सामने आया कि सड़क निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप बनाई गई थी, लेकिन उसकी क्षमता से कई गुना अधिक वजन वाले वाहनों के संचालन तथा शोल्डर निर्माण में तकनीकी खामियों के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुई। जिस सड़क पर 10 से 12 टन क्षमता वाले वाहनों का संचालन होना था, वहां 60 से 70 टन तक रेत लदे भारी वाहन लगातार चलाए जा रहे थे।

दो इंजीनियर निलंबित, ठेकेदार पर भी कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सहायक अभियंता सौरभ देशमुख और उप अभियंता जे. रितेश नायडू को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने तथा कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार ठाकुर के निलंबन का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश भी दिए गए।

सचिव ने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़क को पूरी तरह उखाड़कर दोबारा गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्माण कराने और पूरे मार्ग के शोल्डर को भी मानकों के अनुरूप सुधारने के निर्देश दिए।

तकनीकी जांच में क्या मिला

कोर कटिंग और अन्य तकनीकी परीक्षण में जीएसबी एवं डब्ल्यूबीएम परतों का ग्रेडेशन और कम्पैक्शन संतोषजनक पाया गया। बीटी कार्य के तहत पीएमसी और सील कोट के लिए बाइंडर कंटेंट भी निर्धारित छह प्रतिशत मानक के अनुरूप मिला।

हालांकि जांच में शोल्डर का कम्पैक्शन निर्धारित 100 प्रतिशत मानक से कम पाया गया। आरडी 1400 मीटर पर यह 95 प्रतिशत और आरडी 2100 मीटर पर 94.68 प्रतिशत दर्ज किया गया। साथ ही पुलिया के एप्रोच पर बैकफिलिंग भी मानकों के अनुरूप नहीं होने से वर्षा का पानी सड़क की निचली परत तक पहुंच गया, जिससे सड़क अंदर से कमजोर हो गई।

भारी वाहनों के संचालन पर लगेगा प्रतिबंध

सचिव भीम सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना की सड़कों पर ओवरलोड और भारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसके लिए परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे, ताकि भविष्य में सड़कें क्षतिग्रस्त न हों।

निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता अखिलेश तिवारी, बलवंत पटेल, कार्यपालन अभियंता संतोष ठाकुर, सहायक अभियंता सौरभ देशमुख, मुरारी साहू, उप अभियंता जे. रितेश नायडू सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page