G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले छत्तीसगढ़ के मीडिया प्रतिनिधि, हरिद्वार कुंभ का दिया आमंत्रण

रायपुर, 3 जुलाई 2026। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री निवास, देहरादून में छत्तीसगढ़ के मीडिया प्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड के विकास, सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा अगले वर्ष आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ के लिए मीडिया प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया।

‘विकास भी, विरासत भी’ पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनकी सरकार “विकास भी, विरासत भी” के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि नैनीताल, गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों के लिए अलग-अलग विकास प्राधिकरण गठित किए गए हैं, ताकि संतुलित विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संपदा का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ऋषि-मुनियों और संतों की तपोभूमि है, इसलिए इसकी आध्यात्मिक पहचान और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है।

छत्तीसगढ़ सरकार की पहल की सराहना

मुख्यमंत्री धामी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सोच की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों के लिए इस तरह के अंतर्राज्यीय अध्ययन भ्रमण लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत करने के साथ राज्यों के बीच वैचारिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा देते हैं।

उन्होंने भ्रमण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह तथा संयुक्त सचिव एवं आयुक्त जनसंपर्क रजत बंसल को बधाई दी।

हरिद्वार कुंभ के लिए विशेष निमंत्रण

मुख्यमंत्री धामी ने छत्तीसगढ़ सहित देशभर के मीडिया प्रतिनिधियों को अगले वर्ष आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ में शामिल होने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों के पत्रकारों को कुंभ का प्रत्यक्ष अनुभव करने का अवसर मिलना चाहिए, ताकि वे वहां की आध्यात्मिक परंपरा और व्यवस्थाओं से देशवासियों को अवगत करा सकें।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत के बीच यह संवाद दोनों राज्यों के संबंधों को और मजबूत करेगा।

भ्रमण दल में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, जगदलपुर, राजनांदगांव, कोरिया और धमतरी सहित विभिन्न जिलों के मीडिया प्रतिनिधियों के साथ छत्तीसगढ़ जनसंपर्क संचालनालय एवं उत्तराखंड सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page