प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से विद्यासागर साहू ने अपनाई सौर ऊर्जा

रायपुर, 4 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत राजनांदगांव जिले के ग्राम मोखला निवासी विद्यासागर साहू ने अपने घर की छत पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कर स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा की दिशा में कदम बढ़ाया है। योजना के तहत उन्हें केंद्र और राज्य सरकार से सब्सिडी का लाभ मिला है, जिससे सोलर सिस्टम लगाना आसान हुआ।
विद्यासागर साहू ने बताया कि योजना के लिए आवेदन करने के बाद छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, भर्रेगांव शाखा के माध्यम से बैंकिंग प्रक्रिया पूरी की गई। उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये तथा राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सब्सिडी स्वीकृत हुई है। सब्सिडी दावा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और राशि शीघ्र ही उनके बैंक खाते में प्राप्त होगी।
उन्होंने बताया कि सोलर रूफटॉप सिस्टम पूरी तरह स्थापित होकर सुचारू रूप से कार्य कर रहा है। वे ‘मोर बिजली’ मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रतिदिन सोलर पैनल से होने वाले बिजली उत्पादन और खपत की जानकारी आसानी से देख रहे हैं, जिससे ऊर्जा उत्पादन की निगरानी सरल और पारदर्शी हो गई है।
विद्यासागर साहू का कहना है कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से बिजली बिल में बचत होने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है। उन्होंने जिले के नागरिकों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि हर परिवार को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आत्मनिर्भर भारत, ऊर्जा संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है, जिससे आम नागरिकों को आर्थिक राहत मिलने के साथ हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा मिल रहा है।

