G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बम्हनीडीह के विकास को दी नई रफ्तार, हसदेव नदी पर पुल सहित तीन बड़ी सौगातों की घोषणा

रायपुर, 2 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जांजगीर-चांपा जिले के नवगठित नगर पंचायत बम्हनीडीह के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में विकास की नई शुरुआत करते हुए क्षेत्र के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने दहिदा-बम्हनीडीह के बीच हसदेव नदी पर पुल निर्माण, बिजली विभाग के सब डिवीजन कार्यालय तथा सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन के निर्माण की घोषणा की।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय स्वशासन लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है और नगर पंचायतें केवल प्रशासनिक इकाइयां नहीं, बल्कि जनता की आकांक्षाओं को साकार करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि नवगठित नगर पंचायत बम्हनीडीह के प्रथम जनप्रतिनिधियों पर केवल नगर के विकास की ही नहीं, बल्कि सुशासन, पारदर्शिता और जनविश्वास की नई कार्यसंस्कृति स्थापित करने की भी जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश कुमार डडसेना और सभी पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उसका परिणाम विकास, पारदर्शी प्रशासन और संवेदनशील कार्यशैली के रूप में दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल आधारभूत संरचनाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि नागरिकों का जीवन अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर बनाना है। इसी सोच के तहत बम्हनीडीह के लिए पुल, बिजली विभाग का सब डिवीजन कार्यालय और आधुनिक सुविधाओं से युक्त मंगल भवन की घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार ने विकास को नई गति दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है, महिलाओं को महतारी वंदन योजना से आर्थिक संबल दिया जा रहा है तथा युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना तभी साकार होगा, जब बम्हनीडीह जैसे उभरते नगर भी मजबूत होंगे। राज्य सरकार सभी नगरीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, बेहतर नागरिक सेवाएं और सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि बम्हनीडीह नगर पंचायत आने वाले समय में जनभागीदारी, सुशासन और विकास का आदर्श मॉडल बनेगी।

समारोह में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक किरण सिंह देव, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, नारायण चंदेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page