सुप्रीम कोर्ट में 21 से 23 अगस्त तक विशेष लोक अदालत, लंबित मामलों के आपसी समझौते से होगा निपटारा
रायपुर, 2 जुलाई 2026। सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों के आपसी समझौते के माध्यम से त्वरित निपटारे के लिए 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन ‘समाधान समारोह-2026’ के तहत होगा, जिसका उद्देश्य न्याय को सरल, सुलभ और सहमति आधारित बनाना है।
विशेष लोक अदालत का आयोजन सर्वोच्च न्यायालय परिसर में किया जाएगा। इससे पहले मामलों के समाधान के लिए राज्य, जिला, तालुका एवं उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरणों तथा मध्यस्थता केंद्रों में सुलह बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इन बैठकों में पक्षकार अपनी सुविधा अनुसार प्रत्यक्ष या ऑनलाइन माध्यम से शामिल हो सकेंगे।
इन सुलह बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थ और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पक्षकारों के बीच सहमति बनाने में सहयोग करेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का आपसी सहमति और संवाद के माध्यम से शीघ्र निपटारा करना है।
इस अभियान में अधिवक्ताओं, वादकारियों और सभी संबंधित पक्षों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है। जिन पक्षकारों के मामले सर्वोच्च न्यायालय में लंबित हैं, वे अपने प्रकरण को विशेष लोक अदालत में शामिल कराने के लिए निर्धारित गूगल फॉर्म भर सकते हैं।
यह गूगल फॉर्म सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है, जिसके माध्यम से इच्छुक पक्ष अपने मामले को समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत)-2026 में शामिल करा सकते हैं।


