‘सहयोग केंद्र’ में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में संचालित ‘सहयोग केंद्र’ में बुधवार को उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने प्रदेशभर से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने। इस दौरान प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
भाजपा के अनुसार, सहयोग केंद्र में बुधवार को 250 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जबकि प्रदेश के विभिन्न जिलों से 1,500 से अधिक कार्यकर्ता अपनी समस्याओं और सुझावों के साथ पहुंचे।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनता के प्रति पूरी तरह जवाबदेह है। उन्होंने कहा कि भाजपा का ‘सहयोग केंद्र’ केवल एक मंच नहीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है, जहां आने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुनकर उसके समयबद्ध समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन को संवेदनशील और पारदर्शी बनाने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है। सहयोग केंद्र में पहुंचे कार्यकर्ताओं की विभिन्न मांगों और शिकायतों पर कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, कार्यालय मंत्री अशोक बजाज तथा सहयोग केंद्र प्रभारी सच्चिदानंद उपासने भी उपस्थित रहे।



