G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

खाद-बीज संकट पर कांग्रेस का हमला, बोली- किसान कतारों में, सरकार दावों में व्यस्त

रायपुर, 02 जुलाई 2026। खरीफ सीजन के बीच प्रदेश में खाद और बीज की कथित कमी को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता वंदना राजपूत ने आरोप लगाया कि किसान खाद और बीज के लिए घंटों कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं, जबकि सरकार केवल प्रचार और दावों में व्यस्त है।

वंदना राजपूत ने कहा कि समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है, लेकिन प्रदेश के कई जिलों से खाद की कमी, सीमित वितरण, लंबी कतारों और किसानों के बार-बार वितरण केंद्रों के चक्कर लगाने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि किसान खेती की तैयारी छोड़कर सहकारी समितियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने किसानों से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज वही किसान सबसे अधिक परेशान हैं। यदि सरकार ने पहले से मांग का सही आकलन कर पर्याप्त भंडारण और वितरण की व्यवस्था की होती तो किसानों को ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।

कांग्रेस ने सरकार से पूछा है कि खरीफ सीजन शुरू होने के बावजूद पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज की उपलब्धता क्यों सुनिश्चित नहीं की गई, किसानों को घंटों लाइन में खड़े रहने और कई बार खाली हाथ लौटने की नौबत क्यों आ रही है, कालाबाजारी रोकने के लिए अब तक क्या ठोस कदम उठाए गए हैं तथा समय पर खाद-बीज नहीं मिलने से किसानों को होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा।

वंदना राजपूत ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार का दायित्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों को राहत देने के बजाय उन्हें परेशानियों में धकेल रही है।

कांग्रेस ने मांग की है कि प्रदेश की सभी सहकारी समितियों और वितरण केंद्रों में तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध कराया जाए, वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए तथा कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page