G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKCGखास-खबर

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की ग्राम पंचायतों में हर्षोल्लास के साथ हुआ VB-G RAM G योजना का शुभारंभ

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला प्रतिनिधि KCG


दीप प्रज्वलित कर ग्रामीणों ने किया स्वागत, बढ़ी हुई मजदूरी दर से श्रमिकों में उत्साह

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की ग्राम पंचायतों में आज विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) योजना का शुभारंभ उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, महिला स्व-सहायता समूहों, ग्रामीणों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही।

योजना के शुभारंभ अवसर पर ग्राम पंचायतों में चौक-चौराहों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित कर योजना का स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने विकसित भारत के संकल्प के साथ योजना के सफल क्रियान्वयन में सहभागी बनने का संकल्प लिया। कार्यक्रमों के दौरान योजना की प्रमुख विशेषताओं एवं ग्रामीण विकास में इसकी भूमिका की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।

बढ़ी हुई मजदूरी दर से ग्रामीणों में खुशी

VB-G RAM G योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में ग्रामीण श्रमिकों की मजदूरी दर 261 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन किए जाने से श्रमिकों एवं ग्रामीण परिवारों में विशेष उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए एक दूसरे को मिठाइयाँ बांटी एवं इसे उनकी आजीविका सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। बढ़ी हुई मजदूरी से ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की अपेक्षा व्यक्त की गई।

125 दिनों के रोजगार के साथ विकास कार्यों को मिलेगी गति

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि योजना के तहत पात्र परिवारों को मांग के आधार पर 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, ग्रामीण अधोसंरचना विकास, कृषि आधारित कार्य, वृक्षारोपण तथा टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। ग्राम सभाओं के माध्यम से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

जिला प्रशासन ने बताया कि VB-G RAM G योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, रोजगार के अवसरों का विस्तार करने तथा गांवों में टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने एवं ग्राम विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page