बारिश के बीच किसानों का धरना जारी, शक्कर कारखाना प्रबंधन ने 10 जुलाई तक 10 करोड़ भुगतान का दिया आश्वासन


कवर्धा। भारतीय किसान संघ एवं संबद्ध छत्तीसगढ़ किसान संघ के बैनर तले किसानों का धरना-प्रदर्शन सोमवार को बारिश के बीच भी जारी रहा। देर शाम सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना के प्रबंध संचालक (एमडी) धरना स्थल पहुंचे और किसानों से चर्चा की।
एमडी ने बताया कि गन्ना मूल्य भुगतान एवं रिकवरी मद की कुल 30 करोड़ 55 लाख रुपए की राशि बकाया है। उन्होंने किसानों को 10 जुलाई तक 10 करोड़ रुपए किसानों के खातों में जमा कराने का आश्वासन दिया। इसके बावजूद भारतीय किसान संघ अपनी अन्य मांगों पर अड़ा रहा।
संघ की प्रमुख मांगों में गन्ना फसल को कृषक उन्नति योजना में शामिल करना, सहकारी समितियों में पर्याप्त खाद उपलब्ध कराना, खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाना तथा धान समर्थन मूल्य में केंद्र सरकार द्वारा की जाने वाली वृद्धि का लाभ किसानों को देने की मांग शामिल है। किसानों का कहना है कि इन मुद्दों पर स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलने से आंदोलन जारी रहेगा।
किसानों ने रात धरना स्थल पर ही बिताने का निर्णय लिया है। वहीं किसान धरना स्थल पर भोजन बनाने में जुट गए। बताया गया कि मंगलवार सुबह 8 बजे किसानों की बैठक होगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। किसानों ने कहा कि प्रभारी तहसीलदार पंडरिया ज्ञापन लेने आएंगे, जिसके बाद आंदोलन की आगामी दिशा पर निर्णय लिया जाएगा।




