कृषि विभाग की सख्त कार्रवाई, उड़ीसा प्रिंट वाले उर्वरक की 11 बोरियां जब्त

महासमुंद में वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज पर कार्रवाई, गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने राज्यभर में निरीक्षण अभियान जारी
रायपुर, 28 जून। किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा राज्यभर में उर्वरक विक्रय केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में महासमुंद जिले में कृषि विभाग ने कार्रवाई करते हुए वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज से उड़ीसा प्रिंट वाली पीआरओएम (PROM) उर्वरक की 11 बोरियां, जिनका कुल वजन लगभग 550 किलोग्राम है, जब्त की हैं।
महासमुंद कलेक्टर के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने बागबाहरा विकासखंड के ग्राम घोयनाबाहरा स्थित वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में सालेपाली, पाइकमाल, जिला बरगढ़ (ओडिशा) प्रिंट वाली उर्वरक की 11 बोरियां मिलीं। नियमानुसार इन्हें तत्काल जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसानों के हितों की रक्षा तथा उर्वरकों की गुणवत्ता और वैध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरे प्रदेश में सतत निगरानी की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उर्वरकों के भंडारण, परिवहन अथवा विक्रय में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग के अनुसार किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए राज्यभर में निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



