G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

जशपुर में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें: खाद्य विभाग

कोतबा क्षेत्र में अस्थायी समस्या के बाद आपूर्ति सामान्य, सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने स्पष्ट किया है कि जशपुर जिले में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सुचारु बनी हुई है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा है कि जिले में कहीं भी ईंधन संकट की स्थिति नहीं है।

विभागीय जानकारी के अनुसार जशपुर जिले में कुल 61 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जिनमें इंडियन ऑयल के 28, हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 24 और भारत पेट्रोलियम के 9 पेट्रोल पंप शामिल हैं। सभी पंपों पर पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि प्री-मानसून वर्षा के बाद खरीफ फसल की तैयारियों के चलते कृषि कार्यों में डीजल की मांग बढ़ी है। इसी कारण 23 जून को कोतबा क्षेत्र के दो पेट्रोल पंपों में डीजल का स्टॉक अस्थायी रूप से समाप्त हो गया था। हालांकि स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन और तेल कंपनियों ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर निकटवर्ती पेट्रोल पंपों से डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित की।

वर्तमान में कोतबा क्षेत्र के सभी चारों पेट्रोल पंपों में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा ईंधन वितरण नियमित रूप से जारी है। जिला प्रशासन और राज्य सरकार तेल कंपनियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर मांग के अनुरूप आपूर्ति की निगरानी कर रही है।

खाद्य विभाग ने बताया कि कृषि सीजन में बढ़ती मांग को देखते हुए जिन पेट्रोल पंपों पर स्टॉक कम होने की संभावना है, वहां प्राथमिकता के आधार पर अतिरिक्त आपूर्ति भेजने के निर्देश तेल कंपनियों को दिए गए हैं। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि किसानों और आम नागरिकों को ईंधन की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page