वूमेन फॉर डी योजना के तहत मानदेय भुगतान की प्रक्रिया जारी, राशि आबंटन मिलने के बाद होगा भुगतान
AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो KCG
खैरागढ़, 18 जून 2026// नगर पंचायत गंडई में संचालित वूमेन फॉर डी (Women for D) योजना के अंतर्गत कार्यरत महिला स्व-सहायता समूहों के मानदेय भुगतान को लेकर प्रकाशित समाचार के संबंध में नगर पंचायत प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है।
नगर पंचायत गंडई में इस योजना के तहत 03 प्रोजेक्ट स्वीकृत हैं, जिनमें 03 महिला स्व-सहायता समूहों की कुल 13 महिलाएं कार्यरत हैं। योजना के अंतर्गत मानदेय का भुगतान शासन के निर्देशानुसार सना स्पर्श पोर्टल के माध्यम से किया जाता है। पोर्टल में निर्धारित राशि का आबंटन (अपर लिमिट) जारी होने तथा राशि हस्तांतरण के बाद ही संबंधित महिलाओं को मानदेय का भुगतान किया जाता है।
नगर पंचायत के अनुसार कार्यरत महिला समूहों को दिसंबर 2025 तक का मानदेय भुगतान किया जा चुका है। वहीं जनवरी 2026 से मई 2026 तक का मानदेय भुगतान राज्य शहरी विकास अभिकरण, नवा रायपुर द्वारा सना स्पर्श पोर्टल में आवश्यक राशि आबंटन (अपर लिमिट) जारी नहीं किए जाने के कारण लंबित रहा।
इस बीच 17 जून 2026 को राज्य शहरी विकास अभिकरण, नवा रायपुर द्वारा सना स्पर्श पोर्टल में 5.05 लाख रुपये की राशि का आबंटन (अपर लिमिट) जारी कर दिया गया है। इसके बाद नगर पंचायत गंडई द्वारा उसी दिन तीनों महिला समूहों के लंबित मानदेय भुगतान के लिए 3,54,460 रुपये एवं 1,04,000 रुपये के बिल सना स्पर्श पोर्टल के माध्यम से स्टेट डीडीओ (राज्य शहरी विकास अभिकरण, नवा रायपुर) को प्रेषित कर दिए गए हैं।
नगर पंचायत प्रशासन ने बताया कि शासन स्तर से राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूर्ण होते ही महिला समूहों को लंबित मानदेय राशि का भुगतान शीघ्र कर दिया जाएगा।
