24 जून को सभी ग्राम पंचायतों में होगी ग्राम सभा, पीएम आवास योजना रहेगा मुख्य एजेंडा
AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ KCG
खैरागढ़ : प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के चयन और ग्रामीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 24 जून 2026 को ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभाओं में ‘आवास प्लस 2.0’ सर्वेक्षण के आधार पर तैयार की गई स्थायी प्रतीक्षा सूची मुख्य एजेंडा रहेगी।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार ग्राम सभा में सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची का सार्वजनिक वाचन एवं अवलोकन कराया जाएगा। इसके बाद पात्र हितग्राहियों की प्राथमिकता सूची तैयार की जाएगी। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक गांव में हितग्राहियों की प्रतीक्षा सूची चस्पा की जाएगी, जिससे ग्रामीण सूची का अवलोकन कर सकें।
ग्राम सभा के दौरान प्राप्त दावे-आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण कर त्वरित निराकरण किया जाएगा। ग्राम सभा से अंतिम अनुमोदन प्राप्त होने के बाद सूची को प्रधानमंत्री आवास योजना के सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा, जिसके आधार पर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।
बैठक में ग्रामीणों को ‘विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ की भी जानकारी दी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आजीविका के अवसरों का विस्तार करना है। प्रशासन ने ग्रामीणों से ग्राम सभा में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर विकास संबंधी निर्णयों में सहभागिता निभाने की अपील की है।



