बीवीपी भिलाई में प्रधान पाठक तुलेश्वर कुमार सेन सम्मानित

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ KCG
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। भारत विकास परिषद, भिलाई (छत्तीसगढ़ मध्य क्षेत्र) द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय कार्यशाला “समुत्कर्ष” का आयोजन 6 एवं 7 जून 2026 को सेक्टर-6 स्थित अग्रसेन भवन, भिलाई में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, साहित्य, समाज सेवा एवं नशा मुक्ति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के प्रधान पाठक तुलेश्वर कुमार सेन को सम्मानित किया गया।
तुलेश्वर कुमार सेन वर्तमान में शासकीय प्राथमिक शाला पुरेना, संकुल केंद्र घिरघोली, विकासखंड छुईखदान में प्रधान पाठक के रूप में कार्यरत हैं। वे राज्यपाल शिक्षक सम्मान से सम्मानित होने के साथ-साथ नशा मुक्ति अभियान के सक्रिय प्रचारक भी हैं। उन्होंने अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार से प्रशिक्षण प्राप्त कर स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नशा मुक्ति उद्बोधन, रैली, फ्लेक्स प्रदर्शनी और जनजागरूकता कार्यक्रमों का सफल संचालन किया है।
कार्यक्रम में उनके शिक्षा, साहित्य, समाज कल्याण, संस्कारयुक्त शिक्षा, युवा निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान को देखते हुए अंगवस्त्र, श्रीफल एवं स्वामी विवेकानंद की स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
एक पैर से दिव्यांग होने के बावजूद तुलेश्वर कुमार सेन शिक्षा, साहित्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
इस उपलब्धि पर अनिल कुमार डागा, विजय कुमार शेट्टी, राधाकृष्ण सारडा, मित्रों, परिजनों, सर्व सेन नाई समाज छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों तथा अधिकारी-कर्मचारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
राजनांदगांव जिले के ग्राम सलोनी (घुमका) निवासी तुलेश्वर कुमार सेन पिछले लगभग 20 वर्षों से छुईखदान विकासखंड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं और वर्तमान में शासकीय प्राथमिक शाला पुरेना में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत हैं।



