“सतनामी समाज कबीरधाम में संगठन चुनाव की बिगुल, 14 जून को होगा जिला निर्वाचन — गांव-गांव से बन रहा मजबूत सामाजिक ढांचा”

कवर्धा। सतनामी समाज जिला संगठन कबीरधाम की महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक सतनाम भवन जोराताल कवर्धा में संपन्न हुई, जिसमें समाज के संगठन विस्तार और आगामी जिला निर्वाचन को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सतनामी समाज जिला संगठन कबीरधाम का निर्वाचन 14 जून 2026 को कराया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता एवं संचालन समाज के संरक्षक विजय धृतलहरे ने किया। उन्होंने कहा कि पिछले तीन माह से समाज द्वारा ग्राम इकाई गठन अभियान चलाया जा रहा है, ताकि गांव स्तर से लेकर आठगांव परिक्षेत्र, ब्लॉक एवं जिला स्तर तक मजबूत संगठन तैयार किया जा सके। उन्होंने समाज के सक्रिय सदस्यों को ग्राम इकाई गठन के महत्व से अवगत कराते हुए एकजुटता पर जोर दिया।
बैठक में कबीरधाम जिले के चारों विकासखंड—कवर्धा, पंडरिया, बोडला एवं लोहारा से बड़ी संख्या में समाज के जागरूक एवं सक्रिय सदस्य शामिल हुए। उपस्थित वक्ताओं ने समाज को संगठित और मजबूत बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिन ग्राम इकाइयों का गठन अभी शेष है, उन्हें पूर्ण करने के लिए 7 जून 2026 अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इसके लिए अलग-अलग ब्लॉकों में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जिन्हें ग्राम इकाई गठन का पूर्ण लेखा-जोखा तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निर्णय अनुसार 10 जून 2026 तक मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा तथा उसी दिन नामांकन प्रक्रिया भी संपन्न होगी। इसके बाद 14 जून 2026 को जिला अध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, सचिव एवं संगठन मंत्री पदों के लिए निष्पक्ष चुनाव कराया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि नई कमेटी का कार्यकाल 3 वर्ष का होगा तथा समाज को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने के लिए युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा का भी गठन किया जाएगा।
इस अवसर पर महेंद्र धृतलहरे मनोज बंजारे सुंदरलाल पात्रे,अगंम अंनत गनपद बघेल जयप्रकाश बंजारे, दिलीप धृतलहरे भरत बंशे भागवत डाहिरे शशि बंजारे, रामाधार बघेल,कमल बंजारे उमेद बघेल इंदल धृतलहरे भागवत टंडन पंचराम कोसले महावीर टंडन, दुर्गा धृतलहरे, रश्मि बघेल भरत बर्मन, शिव बंजारे संजय काटले धनेश दिलावर धनसाय भास्कर हिरो जांगड़े, सुरज कोसले, विकास कुर्रे, संतोष भारती, मेहुल सत्यवंशी, संतोष डाहिरे यशवंत भटट सेवाराम पात्रे श्याम टंडन सुखदेव अहिलेश्वर सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।