प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मरकामटोला ने रचा इतिहास

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
NQAS मूल्यांकन में 89.10 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का बना प्रेरणादायक मॉडल
खैरागढ़ : खैरागढ़ विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मरकामटोला ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) मूल्यांकन में 89.10 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। जिले के किसी भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा यह उपलब्धि पहली बार अर्जित की गई है, जिससे पूरे स्वास्थ्य विभाग एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष एवं गर्व का वातावरण है।
जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सतत सुदृढ़ीकरण, गुणवत्ता सुधार एवं मरीज केंद्रित सेवाओं के विकास पर विशेष रूप से कार्य किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मरकामटोला की यह उपलब्धि इन्हीं सतत प्रयासों का परिणाम है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केंद्र का बाह्य मूल्यांकन 28 एवं 29 जनवरी 2026 को किया गया था, जिसका परिणाम 05 अप्रैल 2026 को घोषित किया गया। मूल्यांकन के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीज सुरक्षा, संक्रमण नियंत्रण, स्वच्छता व्यवस्था, दवा उपलब्धता, अभिलेख प्रबंधन, सेवा प्रदाय व्यवस्था एवं मरीज संतुष्टि सहित विभिन्न मानकों का गहन परीक्षण किया गया, जिसमें केंद्र ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस उपलब्धि में यूनिसेफ छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में डॉ. अक्षय तिवारी एवं डॉ. प्रीतम राय का महत्वपूर्ण तकनीकी सहयोग रहा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा के नेतृत्व में जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल ध्रुव एवं विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन द्वारा प्रभावी समन्वय प्रदान किया गया। विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक आकाश तंबोली द्वारा सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की गई, वहीं संभागीय गुणवत्ता आश्वासन सलाहकार डॉ. कविता चंद्राकर के मार्गदर्शन ने इस सफलता को नई दिशा प्रदान की।
संस्था स्तर पर यह उपलब्धि चिकित्सा अधिकारी डॉ. सकुन बंजारे के नेतृत्व में प्राप्त हुई। संस्था प्रभारी केशव कन्नौजे (आरएमए), नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल टीम एवं समस्त कर्मचारियों ने टीमवर्क, समर्पण एवं निरंतर गुणवत्ता सुधार के प्रयासों से इस लक्ष्य को हासिल किया। इस उपलब्धि में जीवन दीप समिति का विशेष सहयोग भी प्राप्त हुआ।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मरकामटोला की पूरी टीम को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी केंद्र द्वारा आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक आधारित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाती रहेंगी।
यह सफलता न केवल स्वास्थ्य विभाग बल्कि पूरे जिले के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है, जो अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भी गुणवत्ता सुधार एवं उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने हेतु प्रेरित करेगी।
