पीएम सूर्य घर योजना से रोशन हुआ बैहाटोला, राजेंद्र उइके का बिजली बिल दो माह से शून्य

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ : केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। इसका सकारात्मक प्रभाव अब जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। ग्राम बैहाटोला के निवासी राजेंद्र कुमार उइके इस योजना के सफल हितग्राही के रूप में सामने आए हैं, जिनके घर का बिजली बिल पिछले लगातार दो महीनों से शून्य आ रहा है।
दिसंबर में लगाया 3 किलोवाट सोलर प्लांट
राजेंद्र कुमार उइके ने बीते दिसंबर माह में अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट स्थापित कराया। प्लांट लगने के बाद उनकी बिजली खपत पूरी तरह सौर ऊर्जा से पूरी हो रही है। उन्होंने बताया कि पहले उनका मासिक बिजली बिल लगभग 600 से 700 रुपये तक आता था, जो अब पूरी तरह समाप्त हो गया है।
अतिरिक्त बिजली से आय भी शुरू
सोलर प्लांट से उत्पन्न अतिरिक्त बिजली को ‘नेट मीटरिंग’ के माध्यम से विद्युत ग्रिड में भेजा जा रहा है। फरवरी माह तक उनके प्लांट से 678 यूनिट बिजली ग्रिड में निर्यात की गई, जिसके बदले उन्हें 973 रुपये का सोलर रिबेट प्राप्त हुआ है। इस तरह अब वे न केवल बिजली बिल से मुक्त हो गए हैं, बल्कि अतिरिक्त आय भी अर्जित कर रहे हैं।
ग्रामीणों के लिए बन रहे प्रेरणा स्रोत
राजेंद्र कुमार उइके की यह पहल अब गांव और आसपास के क्षेत्रों के लिए प्रेरणा बनती जा रही है। बिजली खर्च में कमी और अतिरिक्त आय के इस मॉडल को देखकर अन्य ग्रामीण भी सोलर प्लांट लगाने के लिए आगे आ रहे हैं। यह योजना न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाने का कार्य कर रही है।

