रायपुर शहर जिला भाजपा द्वारा ‘होली मिलन समारोह’ का भव्य आयोजन


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के यहाँ एकात्म परिसर स्थित कार्यालय में शनिवार को रायपुर शहर जिला इकाई के तत्वावधान में ‘होली मिलन समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। इस उत्सव में रंगों और उल्लास के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री साय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह होली प्रदेश के लिए विशेष खुशियां लेकर आई है। श्री साय ने होली के पावन पर्व के परिप्रेक्ष्य में अपनी सरकार की अल्पकाल की बड़ी उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मोदी की गारंटी को तेजी से पूरा किया गया है। धान खरीदी और बकाया बोनस के भुगतान से किसानों के जीवन में समृद्धि आई है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की माताओं-बहनों के आर्थिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में क्रांतिकारी काम किया गया है। श्री साय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि होली का यह पर्व आपसी भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। हमारी सरकार प्रदेश के हर नागरिक के जीवन में खुशहाली के रंग भरने के लिए समर्पित है। जिस तरह होली के विभिन्न रंग मिलकर एक सुंदर दृश्य बनाते हैं, उसी तरह हम सबको मिलकर ‘समृद्ध छत्तीसगढ़’ के संकल्प को पूरा करना है। होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए श्री साय ने सभी के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


