कट्टा दिखाकर महिला से लूट, ग्रामीणों की मदद से दो आरोपी दबोचे; देशी कट्टा व बाइक बरामद


कवर्धा। कबीरधाम पुलिस के थाना पिपरिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघनपुरी से सोनबरसा जाने वाले मार्ग पर 16 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 01:00 से 01:30 बजे के बीच लूट की घटना सामने आई। प्रार्थी पार्वती वर्मा (45) निवासी केशडबरी, थाना साजा जिला बेमेतरा, अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम सोनबरसा जा रही थीं। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों में सवार चार आरोपियों ने कट्टा दिखाकर डराया-धमकाया और उनके गले में पहना पुराना सोने का हार, दो सोने के झुमके तथा सोने की पत्ती माला छीनकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही थाना पिपरिया पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पीड़िता व उसके पति के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने साहस दिखाते हुए आरोपियों का पीछा किया। ग्रामीणों की मदद से भाग रहे चार में से दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मंजीत उर्फ मोनू पिता अजब सिंह निवासी सरीफपुर, थाना सिंहबाउली जिला हापुड़ (उ.प्र.) तथा पवन कुमार पिता रमेश कुमार निवासी बुआडकला, थाना खतौली जिला मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा और घटना में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। शेष दो फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम रवाना कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
लूटे गए मशरुका की अनुमानित कीमत करीब 1.65 लाख रुपए बताई गई है। घटना के दौरान महिला के गले और कलाई में चोट-खरोंच आई, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और इनके विरुद्ध हत्या के प्रयास, मारपीट व लूट जैसे गंभीर अपराध विभिन्न थानों में दर्ज हैं। आरोपी पवन कुमार के खिलाफ गैंगस्टर एवं एंटी सोशल एक्टिविटीज प्रिवेंशन एक्ट के तहत कार्रवाई होना भी ज्ञात हुआ है।
पुलिस अधीक्षक कबीरधाम ने स्पष्ट किया है कि जिले में लूट, डकैती और अन्य संगीन अपराधों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी


