प्री-बोर्ड परिणाम की समीक्षा व बोर्ड परीक्षा तैयारी को लेकर प्राचार्यों की बैठक

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ :
जिला खैरागढ़–छुईखदान–गंडई में आज कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, संयुक्त संचालक दुर्ग आर.एल. ठाकुर एवं जिला शिक्षा अधिकारी लाल जी द्विवेदी की उपस्थिति में जिले के समस्त हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्री-बोर्ड परीक्षा के परिणामों की समीक्षा करते हुए आगामी बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने पर विशेष चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने विद्यालयवार परिणामों का विश्लेषण कर कमजोर विषयों एवं छात्रों की पहचान करते हुए विशेष कक्षाओं, नियमित मूल्यांकन एवं शैक्षणिक अनुशासन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सुनियोजित तैयारी, शिक्षकों की सक्रिय भूमिका और सतत निगरानी से जिले के परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय सुधार संभव है।
संयुक्त संचालक आर.एल. ठाकुर ने परीक्षा परिणामों में गुणात्मक सुधार लाने हेतु दिशा-निर्देश देते हुए विद्यालयीन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने, समयबद्ध पाठ्यक्रम पूर्णता एवं शिक्षण गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर दिया।
जिला शिक्षा अधिकारी लाल जी द्विवेदी ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा 2026 में बेहतर परिणाम एवं प्रावीण्य सूची में विद्यार्थियों के चयन हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही उन्होंने वीएसके ऐप, अपार आईडी, छात्रवृत्ति एवं आरटीई से संबंधित महत्वपूर्ण निर्देश प्राचार्यों को दिए।
बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी खैरागढ़/छुईखदान, बीआरसी, समग्र शिक्षा के अधिकारी एवं जिले के समस्त प्राचार्य उपस्थित रहे।
