कबीरधाम पुलिस के 120 विवेचक हुए हाईटेक, मिले स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनल

डिजिटल तकनीक से होगी तेज और वैज्ञानिक विवेचना, घटनास्थल से ही मिल सकेगी जरूरी जानकारी

कवर्धा, 27 जून। अपराध विवेचना को अधिक वैज्ञानिक, त्वरित और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में कबीरधाम पुलिस को 120 अत्याधुनिक मोबाइल डेटा टर्मिनल (स्मार्ट मोबाइल फोन) उपलब्ध कराए गए हैं। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में विवेचकों को ये डिवाइस वितरित किए गए।
पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ द्वारा ASUMP Scheme AAP 2025-26 के तहत जिले को 120 मोबाइल डेटा टर्मिनल आवंटित किए गए हैं। इनमें 20 निरीक्षक, 38 उपनिरीक्षक और 62 सहायक उपनिरीक्षक स्तर के विवेचक शामिल हैं।
वितरण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल की मौजूदगी में जिले के राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा विवेचकों को स्मार्ट मोबाइल सौंपे गए।
अधिकारियों ने बताया कि इन डिवाइसों की मदद से विवेचक घटनास्थल से ही ऑनलाइन रिकॉर्ड और दस्तावेजों तक तत्काल पहुंच बना सकेंगे। साथ ही विभिन्न पुलिस एप्लीकेशन का उपयोग, डिजिटल साक्ष्यों का सुरक्षित संधारण और विवेचना संबंधी कार्यों का समयबद्ध निष्पादन भी आसान होगा। इससे अपराधों की जांच की गुणवत्ता और गति दोनों में सुधार आएगा।
कार्यक्रम में विवेचकों को मोबाइल डेटा टर्मिनल के सुरक्षित, जिम्मेदाराना और प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है। मोबाइल डेटा टर्मिनल से विवेचक घटनास्थल से ही त्वरित और गुणवत्तापूर्ण विवेचना कर सकेंगे। इससे अपराध अनुसंधान अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनेगा तथा आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवाएं मिल सकेंगी।




