G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

पीजी कॉलेज ग्राउंड में फरसा लहराकर लोगों को धमकाने वाला युवक गिरफ्तार

24 वर्षीय हाफिस खान के कब्जे से 18.5 इंच का धारदार फरसा जब्त, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया

कवर्धा। कवर्धा के पीजी कॉलेज ग्राउंड में धारदार फरसा लहराकर लोगों को डराने-धमकाने और मारने की धमकी देने के आरोप में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हाफिस खान (24), निवासी आदर्श नगर, वार्ड क्रमांक 6, कवर्धा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से लोहे का धारदार फरसा जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि पीजी कॉलेज ग्राउंड में एक युवक गन्ना काटने वाला धारदार फरसा लहराते हुए वहां मौजूद लोगों और राहगीरों के साथ गाली-गलौज कर रहा है तथा उन्हें मारने की धमकी दे रहा है। इससे मौके पर भय का माहौल बन गया था।

घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम हाफिस खान, पिता याकुब खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी आदर्श नगर, वार्ड क्रमांक 6, कवर्धा बताया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मुठ सहित लगभग 18.5 इंच लंबा लोहे का धारदार फरसा जब्त किया।

आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

आरोपी के विरुद्ध सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 466/2026 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने 12 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में विवेचना जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के दिशा-निर्देशन में की गई।

कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page