37 पाव देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की कार्रवाई

घोठिया रोड पर घेराबंदी कर पकड़ा, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
कवर्धा। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बुधवार को एक आरोपी को 37 पाव देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 6.660 बल्क लीटर देशी प्लेन शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 2,960 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि अजय चतुर्वेदी, निवासी नवीन बाजार, एक सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में देशी प्लेन शराब भरकर ग्राम घोठिया रोड से नवीन बाजार की ओर पैदल ले जा रहा है। सूचना मिलते ही एसडीओपी आशीष शुक्ला के निर्देशन एवं थाना प्रभारी योगेश कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घोठिया रोड पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान बोरी से 37 पाव (180-180 एमएल) देशी प्लेन शराब बरामद हुई। जब्त शराब में 16 पाव यूनिक कंपनी, 16 पाव रोमियो कंपनी तथा 5 पाव शोले कंपनी की सीलबंद बोतलें और कांच की शीशियां शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और इस तरह के अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


