ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

कैशलेस चिकित्सा सुविधा का स्वागत, आठवें वेतनमान व पुरानी पेंशन पर स्पष्ट नीति न होने से निराशा — शिवेन्द्र चंद्रवंशी


कवर्धा। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रस्तुत बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए शालेय शिक्षक संघ कबीरधाम के जिलाध्यक्ष शिवेन्द्र चंद्रवंशी ने शासकीय सेवकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा एवं नए उत्कृष्ट विद्यालय खोलने की घोषणा का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान करने की पहल सराहनीय है, जिसके लिए मुख्यमंत्री एवं वित्तमंत्री को धन्यवाद दिया जाता है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सुविधा के नियम एवं शर्तें सार्वजनिक होने के बाद ही विस्तृत प्रतिक्रिया दी जा सकेगी।
शिवेन्द्र चंद्रवंशी ने कहा कि शिक्षक एलबी संवर्ग की पूर्व सेवा की गणना न होना निराशाजनक है। पूर्व सेवा की गणना नहीं किए जाने से शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है। उन्होंने मांग की कि पेंशन संबंधी स्पष्ट एवं न्यायसंगत नीति बनाई जाए।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय खोले जाने की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि अन्य शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के साथ सुविधाओं एवं संसाधनों के मामले में किसी प्रकार का पक्षपात नहीं होना चाहिए। पूर्व में आत्मानंद विद्यालयों की स्थापना के बाद अन्य शासकीय स्कूलों के विद्यार्थी उपेक्षित महसूस कर रहे थे, ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसका ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
जर्जर स्कूल भवनों के स्थान पर नए विद्यालय भवन निर्माण के निर्णय को भी उन्होंने सराहनीय बताया, परंतु यह भी कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि पूर्व की भांति बजट भ्रष्टाचार की भेंट न चढ़े।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों को उम्मीद थी कि केंद्र सरकार के समान दर एवं समान देय तिथि से महंगाई भत्ते की स्वीकृति व भुगतान की स्पष्ट नीति घोषित की जाएगी, किंतु ऐसा नहीं हुआ। साथ ही आठवें वेतनमान के संबंध में सुनिश्चित प्रक्रिया एवं कार्यवाही की घोषणा भी इस बजट में नहीं की गई, जबकि केंद्र सरकार द्वारा इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जा चुकी है।
शिवेन्द्र चंद्रवंशी ने कहा कि कर्मचारियों और शिक्षकों की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार को शीघ्र ही इन विषयों पर स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page